Saturday, August 22, 2009

हवाई जहाज़ को कड़कती बिजली से कुछ क्यों नहीं होता?

क्या कभी आपने सोचा है कि जहां एक ओर हम लोग ज़मीन पर बिजली गिरने से होने वाली दुर्घटनाओं से अक्सर दो चार होते रहते हैं वहीं दूसरी ओर हवाई जहाज़ों के बारे में हम शायद ही कोई ख़बर सुनते हों जबकि वे बादलों के बीच भी उड़ते हैं. अनुमान है कि हर व्यवसायिक हवाई जहाज़ पर साल में औसतन एक बार बिजली गिरती है.

 

बादलों में अतिसूक्ष्म परिमाण या अणु (इलैक्ट्रॉन) होते हैं जिन्हें दूसरे अणु अपनी ओर आकर्षित करते हैं चाहे वे दूसरे बादलों में विद्यमान हों या ज़मीन पर. जब विभिन्न दो स्रोतों के अणु मिलते हैं तो इसे ही हम कड़कती बिजली के रूप में देखते हैं.

 

आधुनिक हवाई जहाज़ों की सुरक्षा तीन तरह से की जाती है:-

 

1. हवाई जहाज़ अल्यूमीनियम के बने होने के कारण बादलों में विद्यमान अणुओं को एक सिरे से दूसरे सिरे तक निर्बाध रूप से प्रवाहित होने देते हैं जिसके चलते यात्री सुरक्षित रहते हैं.

2. जहाज़ के पंखों पर स्थैतिकीय पलीते (static wick) लगाए जाते हैं जो जहाज़ पर एकत्र अणुओं को अपनी नोक पर एकत्र कर लेते हैं जिसके चलते बादलों के टकराने पर बिजली पूरे जहाज़ में प्रवाहित नहीं हो पाती.

3. मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र जहाज़ को ऐसे बादलों के रास्ते में नहीं आने दिया जाता.

wingtip1 static_wick wingtip2
   

चित्र: साभार इंटरनेट

Sunday, July 26, 2009

समुद्र भी सूख सकते हैं- मिलें अराल समुद्र से

image

क्या आपने कभी सोचा है कि समुद्र भी सूख सकते है ! यदि नहीं तो आइए आपको एक ऐसे ही एक समुद्र से मिलवया जाए जिसे अभी कल ही तक अराल समुद्र के नाम से जाना जाता था. यह आज के कज़ाकिस्तान और उज़बेकिस्तान के मध्य स्थित है, एक समय इसमें 1500 टापू हुआ करते थे. इसका क्षेत्रफल 1960 में 68,000 skm. था जो आज घट कर केवल 10% रह गया है.image और ऐसा हुआ है तत्कालीन सोवियत संघ द्वारा इसे पानी उपलब्ध करवाने वाली दोनों नदियों का प्रवाह मोड़ देने से. तत्कालीन शासन द्वारा खेती के लिए पानी उपल्ब्ध करवाने की नीति के अंतर्गत इन नदियों का प्रवाह मोड़ दिया गया था.

 

आज इस मोड़े गए पानी के प्रवाह का केवल 12% भाग पक्का है शेष भाग कच्चा होने के कारण पानी का बहुत बड़ा हिस्सा वाष्पीकृत होकर नष्ट हो जाता imageहै. अराल समुद्र के सूखने के कारण जहां एक ओर पर्यावरण नष्ट हो गया है वहीं दूसरी ओर समुद्र पर जीवनयापन को निर्भर लोगों की जीवनशैली बदल गई है. यद्यपि 1994 में कज़ाकिस्तान, उज़बेकिस्तान, तुर्कमीनिस्तान, ताज़ीक़िस्तान और क्रिगीस्तान ने समाझौता  किया था कि वे अपने-अपने बजट का 1% इस समुद्र को बचाने के प्रयासों के लिए देंगे लेकिन कोई बहुत बड़ा अंतर देखने में अभी नहीं आया है. आशा करनी चाहिये कि मनुष्य इस बात को समझेगा कि दूर की न सोचने पर इस तरह के परिणाम सामने आते हैं.

चित्र-साभार वाइकीपीडिया

0---------------------0

 

Thursday, July 23, 2009

नासा (NASA) का भारत से एक संबंध ये भी है (A Quick Post)

image

एक दशक पूर्व 23 जुलाई,1999 को नासा ने अंतरिक्ष में एक महत्वपूर्ण वेधशाला, कोलंबिया अंतरिक्ष यान से पृथ्वी की कक्षा में प्रतिस्थापित की जिसका नाम इसने रखा “चंद्र वेधशाला”. इसका नामकरण भारतीय मूल के सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक सुब्रामनियन चंद्रशेखर के नाम पर रखा गया है.

 

यह वेधशाला 5 वर्ष के कार्यकाल के लिए अंतरिक्ष में भेजी गई थी लेकिन इसने अब सफलतापू्र्वक 10 वर्ष पूरे कर लिए हैं. “चंद्र वेधशाला” ने खगोलविदों को धूमकेतु, ब्लैक होल, डार्क मैटर व डार्क एनर्जी जैसे विषयों की पड़ताल में बहुत महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाई हैं.

 

और अधिक जानकारी के लिए कृपया निम्न लिंक देखें :-

नासा

वाइकिपीडिया

 

Sunday, July 19, 2009

संभवत: गूगल क्रोम, विंडोज़ और लीनक्स को मिटा देगा …

गूगल कंपनी, साल भर में ‘गूगल क्रोम ऑपरेटिंग सिस्टम’ लाने वाली है जो संभवत: 2010 के मध्य किसी समय आएगा. ऐसी संभावनाऐं व्यक्त की जा रहीं हैं कि यह ऑपरेटिंग सिस्टम बाकी सभी प्रतियोगियों को बाज़ार से बाहर कर देगा. इससे संबंधित जो बातें सुनने में आ रही हैं उन्हें यूं समझा जा सकता है:-

 

यह ऑपरेटिंग सिस्टम ओपन सोर्स आधारित होगा यानी यह मुफ़्त तो होगा ही इसमें प्रयोक्ता जैसा चाहे वैसा बदलाव भी कर सकेगा.

इसे ज़ीरो बूट टाइम ऑपरेटिंग सिस्टम कहा जा रहा है यानि कंप्यूटर स्टार्ट होने में उतना ही समय लेगा जितना समय कंप्यूटर DOS के दिनों में लिया करते थे.

यह कंप्यूटर-संसाधनों की दृष्टि से बहुत हल्का और हैंग न होने वाला imageऑपरेटिंग  सिस्टम होगा.

इसके लिए लिखे जाने वाले एप्लीकेशंस दूसरे ऑपरेटिंग सिस्टम पर भी चल सकेंगे जबकि आज लीनक्स के और विंडोज़ के एप्लीकेशंस एक दूसरे पर नहीं चलते हैं.

इस ऑपरेटिंग सिस्टम पर अलग से ब्राउज़र की ज़रूरत नहीं रहेगी जैसे कि आज फ़ायरफ़ाक्स, एक्सप्लोरर आदि की ज़रूरत रहती है. गूगल क्रोम ब्राउज़र इस ऑपरेटिंग सिस्टम का ही एक हिस्सा हो जाएगा, जबकि अभी यह अलग से बाज़ार में उतारा गया है.

यह ऑपरेटिंग सिस्टम इंटनेट को ध्यान में रख कर बनाया गया है.

इसे पुराने 286 से लेकर लैपटाप सहित किसी भी नवीनतम कंप्यूटर पर चलाया जा सकेगा.

इसे अलग से एंटी-वायरस और अपडेट्स की ज़रूरत नहीं होगी और न ही नए नए हा्र्डवेयर के लिए ड्राइवरज़ की, क्योंकि गूगल इस ऑपरेटिंग सिस्टम को लगातार अपडेट करने की बात कर रहा है.

 

आशा करनी चाहिए कि गूगल ने लीनक्स की लोकप्रियता न बढ़ने के कारणों से सीख ली होगी. लीनक्स मुफ़्त होने के बावजुद आजतक विंडोज़ का स्थान नहीं ले पाया जबकि शुरू-शुरू में ऐसे दावे किए गए थे. यदि गूगल इन बातों का ध्यान रख कर उन सभी विषेशताओं को समाहित कर सके जिनके बारे में जानकार कह रहे हैं तो, यह बात निश्चित है कि माइक्रोसोफ़्ट-विंडोज़ और लीनक्स के दिन अब लदने ही वाले हैं. बाक़ी …. आगे आगे देखिए होता है क्या.

0-----------0

LinkWithin

Blog Widget by LinkWithin